Click to Subscribe!

26 जनवरी से शुरू होने वाला है शहीद रविकांत सिंह आईपीएस क्रिकेट टूर्नामेंट


बक्सर पत्रिका :- देश की सेवा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद आइपीएस रविकांत सिंह की स्मृति में आयोजित होने वाला अंतरराज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट इस वर्ष भी पूरे भव्यता और उत्साह के साथ आयोजित किया जा रहा है। टूर्नामेंट का उद्घाटन 26 जनवरी, गणतंत्र दिवस के अवसर पर डुमरांव में किया जाएगा। इसको लेकर शनिवार को आयोजित प्रेस वार्ता में आयोजन समिति के सदस्यों ने विस्तृत जानकारी दी। प्रेस वार्ता में समिति के आयोजक नागेंद्र नाथ ओझा, शिवांग विजय सिंह संजय शर्मा, पूर्व खिलाड़ी मनोज जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि यह टूर्नामेंट न सिर्फ खेल प्रतियोगिता है, बल्कि शहीद रविकांत सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक सशक्त माध्यम भी है। हर वर्ष की तरह इस बार भी देश के विभिन्न राज्यों से टीमें भाग लेंगी, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।


विज्ञापन


      आयोजकों ने बताया कि इस बार टूर्नामेंट की खास बात यह है कि इसमें आईपीएल खिलाड़ी दीपक पूनिया और राजस्थान आईपीएल क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ब्रजेश शर्मा भी अपना दमखम दिखाएंगे। इन नामचीन खिलाड़ियों की भागीदारी से स्थानीय खिलाड़ियों को सीखने का मौका मिलेगा और दर्शकों के लिए भी मैच बेहद रोमांचक होंगे। टूर्नामेंट में कुल कई अंतरराज्यीय टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके बीच लीग और नॉकआउट मुकाबले खेले जाएंगे। आयोजन समिति ने बताया कि मैचों के दौरान खेल भावना, अनुशासन और सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। आयोजन समिति के अनुसार, टूर्नामेंट के विजेता टीम को 1 लाख 51 हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा, जबकि उपविजेता टीम को 51 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार और ट्रॉफी भी दी जाएगी। आयोजकों ने कहा कि पुरस्कार राशि और बेहतर व्यवस्था के कारण इस टूर्नामेंट की पहचान राज्य स्तर से निकलकर अब अंतरराज्यीय स्तर तक बन चुकी है। समिति के सदस्यों ने बताया कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन में स्थानीय प्रशासन का भरपूर सहयोग मिल रहा है। एसडीएम राकेश कुमार, एसडीपीओ पोलत्स कुमार, बीडीओ संदीप पांडेय, ईओ राहुल धर दुबे सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने खेल मैदान का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी सकारात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया गया है। यह टूर्नामेंट डुमरांव की धरती से वीर शहीदों की स्मृति को जीवित रखने और युवाओं में देशभक्ति व खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हर वर्ष इस क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जाता है। आयोजकों का कहना है कि यह टूर्नामेंट आने वाली पीढ़ियों को शहीद रविकांत सिंह के साहस, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा लेने का संदेश देता है।

विज्ञापन