Click to Subscribe!

संपन्न हुआ भाकपा माले का तीसरा डुमरांव नगर सम्मेलन


बक्सर पत्रिका :- डुमरांव नगर क्षेत्र में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माले) का तीसरा नगर स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में पार्टी संगठन को मजबूत करने, नगर के विभिन्न वार्डों में जनसंपर्क बढ़ाने और गरीबों, मजदूरों तथा किसानों के मुद्दों को लेकर संघर्ष तेज करने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम में उद्घाटनकर्ता के रूप में पार्टी के केंद्रीय कमिटी सदस्य सह जिला सचिव काॅम नवीन शामिल हुए। सम्मेलन को संबोधित करते हुए कॉम नवीन ने कहा कि वर्तमान समय में देश की राजनीति कई चुनौतियों के दौर से गुजर रही है। ऐसे समय में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और संविधान की रक्षा के लिए जनसंगठनों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठित संघर्ष ही समाज में सकारात्मक बदलाव ला सकता है।


विज्ञापन


      उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील करते हुए कहा कि पार्टी के सिद्धांतों और जनहित के मुद्दों को लेकर वार्ड वार्ड तक पहुंच बनानी होगी। गरीबों, मजदूरों और वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए उनके अधिकारों के लिए निरंतर आवाज बुलंद करनी होगी। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही किसी भी राजनीतिक आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत होती है। सम्मेलन के दौरान वक्ताओं ने किसानों की समस्याओं, महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर भी चर्चा की। वक्ताओं ने कहा कि इन मुद्दों को लेकर जनआंदोलन को तेज किया जाएगा और आम लोगों को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी दिनों में गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी दी। साथ ही पंचायत स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने और नए लोगों को जोड़ने पर भी विशेष बल दिया गया। सम्मेलन के अंत में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आने वाले दिनों की राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर रणनीति पर चर्चा की। इस मौके पर पार्टी के प्रखण्ड सचिव धर्मेन्द्र यादव, पर्यवेक्षक ललन राम, अतिथि के बतौर कन्हैया राम, मानरूप जी, प्रभात कुमार तथा भगवान दास, शंकर तिवारी, सुरेश राम, छविनाथ पासवान, बुधिया देवी, कन्हैया चौधरी बाबूलाल राम, सर्वेश पाण्डेय, जाबिर कुरैशी, रूबी शर्मा पूजा कुमारी, ओमप्रकाश पाल, नरेंद्र कुमार सहित संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सम्मेलन से 21 सदस्यीय कमिटी चुनी हुई! सर्वसम्मति से कृष्णा राम नगर सचिव चुने गए।

विज्ञापन