बक्सर पत्रिका :- नगर परिषद क्षेत्र में साफ सफाई व्यवस्था को लेकर अक्सर शिकायत आती रहती है। बताते चले कि नगर की साफ सफाई व्यवस्था के लिए एक मोटी रकम प्रति माह खर्च की जाती है, मगर फिर भी शिकायत बनी ही रहती है। वार्ड संख्या 25 के प्रतिनिधि आनंद कुमार ने सोमवार के दिन इसकी लिखित शिकायत नगर के कार्यपालक अधिकारी से की है। उनका यह आरोप है कि बीते कुछ दिनों से उनके वार्ड में डोर टू डोर कचरा उठाव पूरी तरीके से ठप है जिससे लोगों को काफी कठिनाई हो रही है। घरों के अंदर कचरा के जमा होने से कई प्रकार की बीमारियां तक उत्पन्न हो सकती है। उन्होंने साफ साफ शब्दों में कहा है कि यथाशीघ्र इसका समाधान हो नहीं तो वार्ड की जनता आंदोलन के लिए बाध्य हो जाएगी। उन्होंने आवेदन की प्रतिलिपि जिला पदाधिकारी और नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव को भी भेजा है। विदित हो कि नगर परिषद नगर के सभी मकानों से डोर टू डोर कचरा उठाव और साफ सफाई की व्यवस्था के लिए ठीक ठाक रकम प्रतिवर्ष टैक्स वसूल करता है। ऐसे में कचरा उठाव न होना बहुत बड़ा प्रश्न है।

